नई दिल्ली। दिल्ली भाजपा अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने किसान महापंचायत को संबोधित करते हुए कहा कि देश में 6 दशक कांग्रेस का शासन रहा लेकिन कांग्रेस ने किसानों के हित में कोई कदम नहीं उठाया बल्कि इसके विपरीत बिचौलियों के साथ मिलकर किसानों का शोषण किया। कांग्रेस की सरकार कृषि बजट अधिकतम 16-17 हजार करोड़ का होता था लेकिन मोदी सरकार आने के बाद यह बजट 1 लाख 34 करोड़ हो गया है। गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में किसानों के हित में लाया गया कृषि सुधार कानून किसानों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है, लेकिन विपक्ष किसानों को भ्रामक जानकारी देकर उन्हें गुमराह कर रहे हैं।
दिल्ली भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदेश गुप्ता और नेता प्रतिपक्ष रामवीर सिंह बिधूड़ी ने मंगलवार को किसानों को कृषि सुधार कानून की सही जानकारी देने के लिए नजफगढ़ में दिल्ली भाजपा किसान मोर्चा की ओर से आयोजित किसान महापंचायत में समल्लित हुए। मंगलवार से इसकी शुरुआत की गई। किसान महापंचायत को संबोधित करते हुए गुप्ता ने कहा कि मोदी सरकार ने किसानों के विकास और उन्नति के डॉ स्वामीनाथन आयोग रिपोर्ट के सुझावों को लागू किया,जिसके चलते आज देश के करोड़ों किसानों को इसका लभा मिला रहा है। गुप्ता ने कहा कि सॉयल हेल्थ कार्ड योजना के अंतर्गत 22 करोड़ 51 लाख किसानों का सॉयल हेल्थ कार्ड बनाया गया, वहीं फसल बीमा योजना के तहत लगभग 9 करोड़ किसान पंजीकृत हुए हैं और किसान क्रेडिट कार्ड योजना के तहत 70.32 लाख क्रेडिट कार्ड बांटे गए।
उन्होंने किसान आंदोलन में शामिल दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल जोदार हमला करते हुए कहा कि केजरीवाल दिल्ली के किसानों की दुर्दशा की सुध नहीं लेते हैं लेकिन किसानों के हितैषी बनने का नाटक करने के लिए किसान आंदोलन में जा रहे हैं। उन्होंने कहा भाजपा एकमात्र ऐसी है जो किसानों के दर्द को समझती है और उनके हितों में काम करती है।
सांसद प्रवेश साहिब सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री केजरीवाल देश के किसानों के लिए उपवास रखने का ढ़ोंग करते हैं लेकिन कई वर्षों से दिल्ली के किसानों को खेती का मुआवजा न मिलने के विषय पर चुप्पी साध लेते हैं। वहीं नेता प्रतिपक्ष रामवीर सिंह बिधूड़ी ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री स्व. साहिब सिंह वर्मा ने मुख्यमंत्री पद पर रहते हुए जो विकास कार्य दिल्ली के लिए और किसानों के लिए किया उसे वर्तमान की दिल्ली सरकार जारी नहीं रख पाई। उन्होंने देहात के लिए कॉलेज, बारात घर एवं विभिन्न सुविधाएं दिलाई, यहां तक की किसानों की जमीन का लाल डोरा करवाने का काम भी उन्होंने शुरू करवाया। बिधूड़ी ने कहा कि खुद को किसानों का मसीहा बताने का नाटक करने वाले मुख्यमंत्री केजरीवाल अन्य राज्यों में जाकर प्रचार करते हैं कि वह दिल्ली के किसानों से गेहूं 2600 रु/क्विंटल और धान 2700 रु/क्विंटल खरीद रहे हैं जबकि दिल्ली के किसानों को केजरीवाल सरकार द्वारा न्यूनतम समर्थन मुल्य भी नहीं मिल रहा है।
इस अवसर पर जिलाध्यक्ष विजय सोलंकी, नजफगढ़ जिला किसान मोर्चा अध्यक्ष रमेश गहलोत, जिला प्रभारी सुरेंद्र मटियाला, पूर्व विधायक राजेश गहलोत, प्रदेश प्रवक्ता खेम चंद शर्मा, नेहा शालिनी दुआ और किसान मोर्चा उपाध्यक्ष ओम सहरावत सहित किसान नेता व कई गांव के सैंकड़ों किसान उपस्थित थे।