जगत प्रकाश नड्डा के रूप में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को नया अध्यक्ष मिल गया है। उनका चुनाव निर्विरोध हुआ। नड्डा अभी तक भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष थे। निर्वाचन अधिकारी राधामोहन सिंह ने नड्डा के निर्विरोध अध्यक्ष चुने जाने की आधिकारिक घोषणा की। नड्डा का कार्यकाल 2022 तक होगा। नड्डा के राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने जाने पर निवर्तमान अध्यक्ष और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह सहित अन्य वरिष्ठ नेताओं ने बधाई दी है।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बधाई देते हुए ट्वीट किया, ” जगत प्रकाश नड्डा जी को भारतीय जनता पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष निर्वाचित होने पर हृदयपूर्वक बधाई। मुझे पूर्ण विश्वास है कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के मार्गदर्शन और आपके नेतृत्व में भाजपा निरंतर सशक्त व और अधिक व्यापक होगी।”
शाह ने आगे कहा, “राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा जी के संगठन कौशल व अनुभव का लाभ पार्टी को मिलेगा और पार्टी नये कीर्तिमान स्थापित करेगी। आपके नेतृत्व में हम सभी भाजपा कार्यकर्ता चरैवेति-चरैवेति के मंत्र के साथ निरंतर संगठन पथ पर अग्रसर रहेंगे।”
केन्द्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने लिखा, ” जगत प्रकाश नड्डा जी को भाजपा अध्यक्ष चुने जाने पर बधाई। हमें विश्वास है कि पार्टी उनके नेतृत्व में नए गौरव और सफलता प्राप्त करेगी। उन्हें एक सफल कार्यकाल की बधाई।”
केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने बधाई देते हुए ट्वीट कियी, ”भाजपा का राष्ट्रीय अध्यक्ष निर्वाचित होने पर श्री जगत प्रकाश नड्ड जी का स्वागत, अभिनंदन। कुशल संगठनकर्ता के नाते वह विश्व के सबसे बड़े दल को और शक्तिशाली बनायेंगे। नड्डा जी के नेतृत्व में भाजपा नई ऊंचाइयां हासिल करे, यही शुभकामना है।”