भजन सम्राट अनूप जलोटा को दो दिन के लिए आइसोलेशन में रखा गया है। वह इंग्लैंड और जर्मनी की यात्रा कर लौटे थे। मुंबई एयरपोर्ट से सीधे उन्हें होटल में ले जाया गया। अनूप जलोटा ने इसकी पुष्टि सोशल मीडिया पर की है। अनूप जलोटा ने ट्विटर पर अपनी फोटो शेयर कर लिखा-‘मैं बीएमसी द्वारा 60+ यात्रियों के लिए दी जाने वाली चिकित्सा देखभाल से खौफ में हूं। जब मैं लंदन से मुंबई उतरा तो मुझे होटल मिराज ले जाया गया, डॉक्टरों की एक टीम को मुझे अटेंड करने के लिए भेजा गया। मैं यहां उतरने वाले प्रत्येक यात्री से सहयोग की अपील करता हूं।’ #COVID19india
अनूप जलोटा यूरोप से सीधे मुंबई लौटे थे। होटल में 60 से ज्यादा की उम्र के लोगों पर नजर रखी गई है। अनूप जलोटा की उम्र 66 साल है। अनूप जलोटा का जन्म 29 जुलाई 1953 को नैनीताल में हुआ था। उन्होंने गीतों, गजलों और फिल्मी गीतों को गाकर गायन के क्षेत्र में एक खास जगह बनाई है। वर्ष 2012 में उन्हें भारत सरकार द्वारा पद्मश्री पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। वह भजन सम्राट के नाम से भी प्रसिद्ध है।